Badaun news: बदायूं पुलिस का बड़ा खुलासा, आईटीआई के छात्र ने दोस्त के साथ मिलकर दिया था लूट को अंजाम

Badaun news: दवा व्यापारी से हुई लूट की घटना का पुलिस ने शनिवार को खुलासा कर दिया। लूट करने वाले दो छात्रों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। उनके पास से लूटी गई नगदी समेत एक स्कूटी भी बरामद की है। पुलिस ने आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेजा है।

एसपी सिटी अभिषेक सिंह ने खुलासा करते हुए बताया कि 28 अप्रैल की रात्रि समय करीब 10.15 बजे कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला पटियाली सराय निवासी दवा कारोबारी अंशुमन अपनी दुकान बंद करके लौट रहे थे। रास्ते में हुसैनी गली में स्कूटी सवार दो बदमाशों ने उनका बैग लूट लिया था। बैग में दो लाख कैश समेत दुकान की चाबीयां और मोबाइल सेट थे। घटना का मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने मामले की जांच शुरू की तो शहर के मोहल्ला कल्याण नगर निवासी भरत कश्यप समेत उसके नाबालिग साथी का नाम सामने आया। पुलिस ने भरत को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो उसने गुनाह कबूलने के साथ ही व्यापारी का लूटा गया बैग, कैश बरामद करवा दिया। आरोपी आईटीआई का छात्र है। एसपी सिटी ने बताया कि वह दो महीने पहले तक अंशुमन की दुकान पर ही नौकरी करता था। नौकरी छोड़ने के बाद उसके खर्चे पूरे नहीं हो रहे थे। इसलिए उसने इस घटना को अंजाम दिया। नाबालिग आरोपी हाइस्कूल का छात्र है। उसके पिता की फोटोग्राफी की दुकान थी, उनकी मौत हो चुकी है। जबकि आरोपी भरत के पिता पान की दुकान चलाते हैं। घटना का वर्क आउट करने वाले इंस्पेक्टर संजय सिंह समेत पुलिस टीम को पुरस्कृत किया जाएगा।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ